कानपुर, 28 अगस्त 2026। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाय Vimal Elaichi और NCS के कानपुर चरण का आगाज मैन ऑफ द मैच काशी के कप्तान करन शर्मा के तूफानी शतक के साथ हुआ। शुक्रवार को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में काशी की ओर से करन शर्मा ने 102 रन बनाते हुए लीग में अपना तीसरा शतक पूरा किया। अभिषेक गोस्वामी ने 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और विजय यादव ने चार विकेट चटकाए, जिससे काशी रुद्रास ने नोएडा किंग्स को 67 रन से शिकस्त दी। काशी ने लगातार चार हार के बाद पहला मैच जीता।
नोएडा किंग्स ने टॉस जीतकर काशी रुद्रास को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। काशी ने इसका पूरा फायदा उठाया और निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 217 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में नोएडा किंग्स लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.4 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई। कानपुर चरण के पहले मुकाबले की औपचारिक शुरुआत कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इसी के साथ ग्रीन पार्क स्टेडियम में लीग के निर्णायक चरण का भी विधिवत आगाज हुआ।
इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर में यूपी टी-20 लीग के निर्णायक मुकाबलों की शुरुआत होना शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खुशी की बात है। ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर लीग के मैच होने से युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और शहर में क्रिकेट का माहौल और मजबूत होगा।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर चरण लीग के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब मुकाबले निर्णायक दौर में पहुंच चुके हैं। ग्रीन पार्क की ऐतिहासिक विरासत और कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह के बीच खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का शानदार मंच मिलेगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 217 रन का विशाल स्कोर बनाया। काशी के लिए अभिषेक गोस्वामी और कप्तान करन शर्मा ने पहले विकेट के लिए 102 रन की शानदार शतकीय साझेदारी की। अभिषेक गोस्वामी ने 34 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से उम्दा 63 रन बनाए। उन्हें 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर कार्तिक सिद्धू ने बॉबी के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा।
इसके बाद विराट जायसवाल ज्यादा देर नहीं टिक सके और दो रन बनाकर आउट हो गए। साहब युवराज सिंह ने छह गेंदों पर नौ रन का योगदान दिया। कप्तान करन शर्मा ने महज 51 गेंदों पर 102 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और पांच गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। करन ने नोएडा के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और काशी को बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया। वह आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए, लेकिन उन्होंने तब तक टीम के बड़े स्कोर की नींव रख दी।