लखनऊ, 20 अगस्त 2026। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स ने गौर गोरखपुर लायंस को 3 विकेट से हरा दिया। गोरखपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 185 रन बनाए थे। जवाब में नोएडा किंग्स ने 19.5 ओवर में 7 विकेट खोकर 186 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। नोएडा की जीत के हीरो अनवेश चौधरी रहे, जिन्होंने आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के और फिर चौका जड़कर टीम को एक गेंद शेष रहते रोमांचक जीत दिलाई। वहीं, ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कातिक सद्धू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 3 विकेट लेने के साथ 17 रन भी बनाए।
गोरखपुर ने खड़ा किया 185 रन का मजबूत स्कोर
टॉस जीतकर गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान अयान जुयाल ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह ने 41 गेंदों पर 70 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। कप्तान अयान जुयाल ने 19 गेंदों पर 21 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। इसके बाद सिद्धार्थ यादव ने 28 गेंदों पर 51 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे। अंत में पार्थ पलावत ने 7 गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाए और टीम का स्कोर 20 ओवर में 9 विकेट पर 185 रन तक पहुंचाया। नोएडा किंग्स की ओर से बॉबी यादव ने 4 विकेट झटके, जबकि कातिक सद्धू ने 28 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
नोएडा की शुरुआत खराब, फिर आदित्य-रवि ने संभाला मोर्चा
186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए और एक समय उसका स्कोर 3 विकेट पर 46 रन था।इसके बाद आदित्य शर्मा और रवि सिंह ने पारी को संभाला। दोनों ने 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर नोएडा को मुकाबले में वापस ला दिया। आदित्य शर्मा ने 39 रन बनाए, जबकि रवि सिंह ने 28 गेंदों पर 49 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। हालांकि, 15वें ओवर में विशाल निषाद ने आदित्य शर्मा को आउट कर साझेदारी तोड़ दी। इसके अगले ओवर में प्रशांत वीर पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद वासु वत्स ने रवि सिंह को 49 रन पर आउट कर नोएडा की मुश्किलें बढ़ा दीं।
आखिरी ओवर में 18 रन की जरूरत, अनवेश ने मचा दिया तूफान
नोएडा किंग्स को आखिरी दो ओवर में 23 रन चाहिए थे। गोरखपुर के अब्दुल रहमान ने 19वें ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 5 रन दिए। ऐसे में आखिरी ओवर में नोएडा के सामने 18 रन का मुश्किल लक्ष्य था। पहली ही गेंद पर कातिक सद्धू रन आउट हो गए, लेकिन इसके बाद अनवेश चौधरी ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर छक्के जड़कर मैच का रुख पलट दिया। इसके बाद दो रन लेकर उन्होंने समीकरण दो गेंदों पर 4 रन कर दिया। अनवेश ने अगली गेंद पर चौका जड़ते हुए एक गेंद शेष रहते नोएडा किंग्स को 3 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। उन्होंने महज 15 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 34 रन बनाए।
लीग में बढ़ा रोमांच
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले ने यूपी टी-20 लीग के रोमांच को और बढ़ा दिया। मैच की औपचारिक शुरुआत डॉ. राजशेखर ने घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इस दौरान यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, सदस्य संजीव कुमार सिंह, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनिंदर सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।





