दुबई। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया के 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 11 गेंद शेष रहते ये टारगेट हासिल कर लिया। टीम को इस लक्ष्य तक पहुंचाने में विराट कोहली का अहम योगदान रहा। उन्होंने 98 गेंदों पर 84 रनों की पारी खेली। कोहली के अलावा श्रेयस अय्यर ने 45, केएल राहुल ने 42 और हार्दिक पांड्या ने 28 रनों के अहम पारियां खेली।
इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 264 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया को इस लक्ष्य तक ले जाने में स्टीव स्मिथ और एलेक्स कैरी का अहम योगदान रहा। स्टीव स्मिथ ने 96 गेंदों पर 73 रन की पारी खेली तो वहीं एलेक्स कैरी ने 57 गेंदों पर 61 रन बनाए। वहीं शुरुआत में ट्रेविस हेड ने भी 33 गेंदों पर 39 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। भारत की ओर शमी ने 3, हार्दिक पांड्या 1, वरुण 2, जडेजा 2 और अक्षर ने एक विकेट लिया।
आज के मैच से पहले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत ने तीन मुकाबले खेले थे और तीनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ जीत हासिल की थी, उसके दो मुकाबले (दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान) बारिश की भेंट चढ़ गए थे। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 ग्रुप स्टेज में बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को मात दी थी।