अहमदाबाद। भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी 20 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इसी के साथ भारत तीन टी 20 वर्ल्ड कप जीतने वाली इकलौती टीम बन गई है। सबसे पहले 2007 में धोनी की अगुवाई में टीम ने ये खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप का टाइटल अपने नाम किया था।
आज भारत के दिये 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन ही बना सकी। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने चार, अक्षर पटेल ने तीन, वरुण और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि उनका ये फैसला न्यूजीलैंड के लिए बेहद बुरा साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मैदान के चारों ओर जमकर शॉट्स लगाए। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों पर 52 रन बनाए। अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद बल्लेबाजों करने आए ईशान किशन ने भी कीवी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने 25 गेंदों पर 54 रन बनाए। इस बीच उन्हें संजू सैमसन का भरपूर साथ मिला। संजू सैमसन ने 46 गेंदों पर 89 रन बनाए। उनकी इस पारी में पांच चौके और छह छक्के शामिल रहे।
पिछले कुछ वर्षों में ICC टूर्नामेंटों में भारतीय टीम का प्रदर्शन मजबूत रहा है। 2023 के बाद से टीम इंडिया चार बार बड़े ICC इवेंट के फाइनल में पहुंच चुकी है। इनमें से दो बार उसने खिताब जीता, जबकि दो बार उसे हार का सामना करना पड़ा। भारत ने 2024 के ICC T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद 2025 ICC चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर एक और ICC खिताब अपने नाम किया था।
हालांकि 2023 में भारत को दो बड़े फाइनल में निराशा भी झेलनी पड़ी थी। ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 और ICC वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को हराकर खिताब जीत लिया था।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच ICC टूर्नामेंटों में कई यादगार मुकाबले हुए हैं। साल 2000 में न्यूजीलैंड ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को हराया था। इसके बाद 2021 में ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी कीवी टीम ने भारत को मात दी थी। हालांकि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर पुराना हिसाब बराबर किया था।