नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। इस फाइनल मैच को जीतने वाली टीम पर करोड़ों रुपये की प्राइज मनी बरसेगी। दिलचस्प बात यह है कि उपविजेता टीम भी बड़ी रकम अपने साथ लेकर जाएगी। भारतीय टीम के पास तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का मौका है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम पहली बार इस खिताब को अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
इस बार प्राइज मनी में हुआ बड़ा इजाफा
आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए कुल 13.5 मिलियन डॉलर (करीब 123.77 करोड़ रुपये) का प्राइज पूल तय किया है। यह राशि 2024 के टी20 वर्ल्ड कप की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है। पिछले टूर्नामेंट में कुल 11.25 मिलियन डॉलर की प्राइज मनी दी गई थी। 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में विजेता टीम भारत को 2.45 मिलियन डॉलर मिले थे, जबकि उपविजेता साउथ अफ्रीका को 1.28 मिलियन डॉलर की राशि दी गई थी।
विजेता और उपविजेता को कितनी मिलेगी रकम
इस बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली टीम को 3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 27.50 करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं फाइनल में हारने वाली टीम को 1.6 मिलियन डॉलर यानी करीब 14.67 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी जाएगी।
सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 0.79 मिलियन डॉलर (करीब 7.24 करोड़ रुपये) मिलेंगे।
टूर्नामेंट की बाकी टीमों को भी मिलेगा इनाम
टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली अन्य टीमों को भी प्राइज मनी दी जाएगी।
5वें से 12वें स्थान तक रहने वाली टीमों को 0.38 मिलियन डॉलर (करीब 3.48 करोड़ रुपये) मिलेंगे।
वहीं 13वें से 20वें स्थान पर रहने वाली टीमों को 0.25 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2.29 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
सेमीफाइनल में इन टीमों ने बनाई थी जगह
पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया था। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।