नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम के लिए 131 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड इनामी राशि की घोषणा की है। बोर्ड ने इसकी आधिकारिक जानकारी साझा कर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के प्रदर्शन की सराहना की है।
बीसीसीआई द्वारा घोषित 131 करोड़ रुपये की यह राशि भारतीय क्रिकेट इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि मानी जा रही है। इससे पहले वर्ष 2024 में जब टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप का खिताब जीता था, तब टीम को 125 करोड़ रुपये का कैश प्राइज दिया गया था। इस बार इनामी राशि में 6 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
पूरे स्क्वॉड और सपोर्ट स्टाफ को मिलेगा हिस्सा
बोर्ड की ओर से घोषित यह पूरी इनामी राशि टीम के पूरे स्क्वॉड में बांटी जाएगी। इसमें 15 खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम के कोचिंग स्टाफ और अन्य सपोर्ट स्टाफ को भी हिस्सा मिलेगा। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से भी टीम इंडिया को 3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 27.48 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी जा चुकी है, जो बीसीसीआई के इनाम से अलग है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ऐतिहासिक जीत
टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतकर नया इतिहास बनाया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार और एकतरफा जीत दर्ज करते हुए खिताब पर कब्जा किया। इस जीत के साथ ही भारत टी20 विश्व कप इतिहास में तीन बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गया है। इसके अलावा अपने ही देश में टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली भी भारत पहली टीम बन गई है, जिसने इस टूर्नामेंट के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।