भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने जाने के बावजूद उन्हें अब तक प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में उनके डेब्यू की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है। आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी टीम का हिस्सा थे, लेकिन दोनों मुकाबलों में उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी वह बेंच पर ही बैठे रहे। ऐसे में अब सभी की निगाहें दूसरे मुकाबले पर टिकी हैं।
दूसरी ओर, विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। पिछले तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ छह रन निकले हैं। आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने पांच रन बनाए, दूसरे मुकाबले में पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी वह सात गेंदों पर सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। संजू के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद टीम प्रबंधन प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकता है। ऐसे में माना जा रहा है कि शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिल सकता है।
यदि वैभव को अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है, तो विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ईशान किशन संभाल सकते हैं। आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में भी संजू सैमसन टीम में होने के बावजूद विकेटकीपिंग ईशान किशन ने ही की थी। टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ियों को पर्याप्त अवसर देने की रणनीति पर भी काम कर रहा है। ऐसे में यदि वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिलता है, तो शुरुआती मैचों में प्रदर्शन चाहे जैसा भी रहे, उन्हें अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए लगातार अवसर दिए जाने की संभावना है।