बेंगलुरू। कोरोना वायरस की बढ़ती रफ्तार पर काबू पाने के लिए कर्नाटक सरकार ने 14 दिनों के लॉकडाउन का ऐलान किया है। ये लॉकडाउन मंगलवार रात 9 बजे से लागू हो जाएगा।
बीते दिन राज्य में 34,804 कोरोना के नए मामले सामने आए थे और 134 लोगों की मौत हो गई थी। इतनी बड़ी संख्या में केस आने बाद कर्नाटक सरकार ने ये फैसला लिया है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान जरूरी सामान बेचने वाली दुकानें सुबह 6 बजे से 10 बजे तक खुली रहेंगी। इसके अलावा निर्माण कार्य, मैन्युफैक्चरिंग और कृषि कार्य से जुड़े सामानों को बेचने वाली दुकानों को भी खोलने पर रोक नहीं होगी।
कर्नाटक में लॉकडाउन दिल्ली और महाराष्ट्र की तुलना में थोड़ा सख्त होगा। राज्य सरकार ने ऐलान किया है कि लॉकडाउन के दौरान सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी पूरी तरह से बंद रहेंगी।