नई दिल्ली। अमेरिका में कोरोना वायरस का कहर अभी भी जारी है। रविवार को कोरोना महामारी में मरने वालों की संख्या 5 लाख के पार चली गई।
ये आंकड़े अमेरिका के जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी की ओर से जारी किए गए हैं। राष्ट्रपति जो बाइडन कोरोना के चलते जान गंवाने वाले इन लोगों को श्रद्धांजलि देंगे।
वह व्हाइट हाउस में आज एक मिनट का मौन रखेंगे और मोमबत्ती जलाएंगे। व्हाइट हाउस की तरफ से कहा गया है कि बाइडन प्रशासन संक्रमण के चलते जान गंवाने वालों लोगों की याद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
उनके साथ अमेरिका की प्रथम मिला जिल बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस सहित उनके पति डग एमहॉफ भी मौजूद रहेंगे। अमेरिका के शीर्ष डॉक्टरों में शुमार डॉ. एंथनी फाउसी ने कहा कि अमेरिका में बीते 102 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ। साल 1918 में आई महामारी में भी लोगों की जान गई थी पर यह दौर भयानक है।