नई दिल्ली। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज यानी मंगलवार को देहरादून पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने प्रेसवार्ता में पार्टी के सीएम पद के उम्मीदवार का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में आप पार्टी से कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) सीएम पद का चेहरा होंगे। वहीं, उन्होंने दूसरी घोषणा करते हुए कहा कि हम उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे।
केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले मनीष सिसौदिया देहरादून आये थे। उन्होंने कहा था कि इस पर हम जनता की राय जानेंगे। हमनें प्रदेश की जनता से सुझाव लिए हैं।
आप से सीएम कैंडिडेट किसे बनाना चाहिए इस पर लोगों का बेहतरीन जवाब आया है। लोगों ने कहा कि जब से उत्तराखंड बना है तो कुछ पार्टी और नेताओं ने उत्तराखंड को लूट लिया। अब हमें पार्टियां नहीं बल्कि देशभक्त फौजी चाहिए।
बहुत बड़े स्तर पर लोगों ने कहा कि इन पार्टियों के भरोसे उत्तराखंड आगे नहीं बढ़ सकता। हमें कर्नल अजय कोठियाल ही चाहिए। यह निर्णय आप पार्टी ने नहीं बल्कि यहां की जनता ने लिया है।