नई दिल्ली। कॉर्डेलिया क्रूज ड्रग केस में गिरफ्तार हुए शाहरुख खान के बेटे आर्यन की तरफ से दी गई जमानत की अर्जी पर सुनवाई शुरू हो चुकी है। गिरफ्तारी के बाद वह 7 अक्टूबर तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की कस्टडी में थे।
इसके बाद एनसीबी ने आर्यन की 4 और दिन की कस्टडी मांगी थी लेकिन कोर्ट ने इससे इनकार करते हुए उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा दिया। आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे ने कोर्ट में जमानत की अर्जी दी है। कोर्ट में बेल पर सुनवाई चल रही है। आर्यन के साथ अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा की जमानत की अर्जी पर भी आज कोर्ट में सुनवाई हो रही है।
आर्यन खान के वकील सतीश मानशिंदे स्टार किड की जमानत के लिए कोर्ट में बहस कर रहे हैं। सतीश मानशिंदे का कहना है कि आर्यन खान पर आरोप है, लेकिन उनके खिलाफ कुछ नहीं मिला है। एनसीबी ने 5 दिन आर्यन को कस्टडी में रखा लेकिन उनके खिलाफ कुछ नहीं निकाल पाई। उन्होंने कहा कि आर्यन इज्जतदार परिवार से आते हैं। उनका अन्य आरोपियों से कोई नाता नहीं है। ऐसे में उन्हें जेल नहीं होनी चाहिए।