गुवाहाटी। असम भाजपा अध्यक्ष भाबेश कलिता ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि विपक्ष के कई विधायक जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। कलिता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली सरकार में जो विकास संबंधित कार्य हुए हैं, उससे केवल जनता ही नहीं बल्कि विपक्ष के कई विधायक भी खुश और संतुष्ट नज़र आ रहें है। यही कारण है कि आने वाले दिनों में विपक्ष के कई नेता हमारे खेमे में नज़र आएँगे।
यह पूछे जाने पर क्या उन विपक्षी दलों के विधायकों में कांग्रेस के नेता भी शामिल हैं? अगर हां, तो यह आँकड़ा क्या है? कितने कांग्रेसी विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं? उन्होंने कहा कि अभी वो इसके बारे में कुछ भी खुलासा नहीं करेंगे और आने वाला समय ही सब कुछ बताएगा।
लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों को लेकर किए गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का पूरा विश्वास है कि उनकी पार्टी ज्यादातर सीटों पर जीत दर्ज करेगी। 2021 में विधानसभा चुनाव के बाद विपक्ष के तीन विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे, जिन्होंने उपचुनाव में भी अपनी सीटों पर जीत हासिल की।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव के दौरान असम के विपक्षी दलों के 22 विधायकों ने भाजपा गठबंधन उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को क्रॉस-वोट किया था। यही पैटर्न राज्यसभा चुनाव के दौरान भी देखने को मिला था।
राज्य की 2 राज्यसभा सीटों के लिए हुए मतदान में भी क्रॉस-वोटिंग हुई थी। ऐसे में कलिता का ताज़ा बयान विपक्षी दलों की चिंता बढ़ाने वाला है। वर्तमान में 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 63 और कांग्रेस के 27 विधायक हैं।