नई दिल्ली। भारत में कोरोना के दो अलग-अलग वैरिएंट से एक साथ संक्रमित होने का पहला मामला सामने आया है। असम में एक महिला डॉक्टर में कोविड के दो वैरिएंट पाए जाने की पुष्टि हुई है। देश में यह ऐसा पहला मामला है जब किसी शख्स में वायरस के दो वैरिएंट एक साथ पाए गए हैं।
डिब्रूगढ़ में ICMR के क्षेत्रीय चिकित्सा अनुसंधान केंद्र (RMRC) में परीक्षणों से इसका खुलासा हुआ है। पूरी तरह से टीका लगने के बावजूद डॉक्टर दूसरी खुराक के एक महीने बाद कोरोना वायरस के अल्फा और डेल्टा दोनों वेरिएंट से संक्रमित हो गई। हालांकि संक्रमण के हल्के लक्षण थे और बिना अस्पताल में भर्ती हुए वह ठीक भी हो गई।
आपको बता दें कि दुनिया भर में दोहरे संक्रमण के बहुत कम मामले सामने आए हैं। इससे पहले 90 वर्षीय बेल्जियम की महिला भी दोनों वेरिएंट से संक्रमित हुई थी। इस साल मार्च में उसकी मृत्यु हो गई। इससे पहले भारत में ऐसा कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था।