गुरुग्राम। बेंगलुरु के AI इंजीनियर अतुल सुभाष सुसाइड मामले में पुलिस निकिता के साथ उसकी मां और भाई को भी गिरफ्तार कर लिया है।
बेंगलुरु पुलिस ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि गुरुग्राम से निकिता को पकड़ा गया है, तो वहीं अतुल की सास और साले की गिरफ्तारी प्रयागराज से हुई है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भी भेज दिया गया है। यूपी पुलिस की मदद से पुलिस ने यह तीनों गिरफ्तारियां की। जानकारी के अनुसार पुलिस लगातार निकिता को ट्रेस कर रही थीं।
गिरफ्तारी से बचने के लिए निकिता और उसके परिवारवालों ने बहुत कोशिशें की। अतुल सुभाष के सुसाइड मामले ने जब तूल पकड़ना शुरू किया और देशभर में इसको लेकर बवाल मचने लगा। तो जांच के लिए बेंगलुरु पुलिस भी जौनपुर पहुंच गई। हालांकि जैसे ही निकिता की मां और भाई को भनक लगी कि पुलिस यहां आ गई है, तो रात के अंधेरे में छिपते ही वह वहां से फरार हो गए।
देर रात बाइक पर सवार होकर दोनों के भागने का एक वीडियो भी सामने आय था। इसमें मां निशा के बाद भाई अनुराग सिंघानिया भी बाइक से फरार होता दिखा था। बेंगलुरु पुलिस के डर से देर रात घर में ताला लगाकर दोनों भाग निकले थे। वहीं, जब बेंगलुरु पुलिस निकिता के घर पहुंची तो वहां ताला लगाया पाया। ऐसे में वहां पुलिस ने एक नोटिस चिपका दिया। नोटिस में 3 दिन के अंदर बेंगलुरु पुलिस के सामने पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया था।