नई दिल्ली। भूपेंद्र पटेल गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने सोमवार दोपहर को पद व गोपनीयता की शपथ ली। बीते दिन विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया था। उनके नाम का प्रस्ताव विजय रुपाणी ने बैठक में रखा था, जिसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने सीएम के रूप में उनके नाम की घोषणा कर दी। वह साल 2017 में चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने थे।
अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उन्हें सीएम बनाकर बड़ा दांव चला है। माना जा रहा है कि पाटीदार समाज को अपनी ओर फिर से लाने के लिए पार्टी ने यह कदम उठाया है।
बता दें कि शनिवार को विजय रुपाणी ने अचानक इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया था। भूपेंद्र पटेल का नाम हर किसी के लिए चौंकाने वाला था। भूपेंद्र पटेल के शपथ ग्रहण के दौरान अमित शाह, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, प्रमोद सावंत समेत भाजपा के अन्य बड़े नेता मौजूद रहे।