पटना। बिहार सरकार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। वह कोरोना पॉजिटिव थे और उनका इलाज चल रहा था। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके निधन पर दुख जताया है।
वे 1985 बैच के आईएएस अधिकारी थे। मुख्य सचिव का पद संभालने से पहले वह बिहार के विकास आयुक्त थे। इसी साल उन्हें मुख्य सचिव बनाया गया था। जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज उन्होंने अंतिम सांस ली। कैबिनेट की बैठक के दौरान मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के निधन की खबर के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कैबिनेट के सहयोगियों ने शोक जताया।
बिहार आईएएस एसोसिएशन ने भी मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के निधन पर शोक जताया है। एसोसिएशन ने ट्वीट करके कहा, ‘वह बिहार में कोरोना के खिलाफ लड़ाई की अगुवाई कर रहे थे और उन्होंने बड़ा बलिदान दिया है, हमारी संवेदना उनके परिवार के साथ है।’