लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास में कोविड-19 के संबंध में गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर प्रदेश में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि कोविड वैक्सीनेशन की प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है। जिनका वैक्सीनेशन होना है, उन्हें नियत तिथि से पूर्व ही अवगत कराया जाए, ताकि लोग समय से सेंटर पर उपस्थित हो सकें। इस कार्य में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का उपयोग किया जाना सुविधाजनक होगा।
कोविड-19 की स्थिति प्रदेश में नियंत्रित है, एक्टिव केस में लगातार गिरावट हो रही है। प्रदेश में सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं कोविड-पूर्व की स्थिति के अनुसार संचालित की जाएं, मरीज हों या तीमारदार सभी की जरूरतों-भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाए।