लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। वे यहां करीब दस मिनट रहे। उनके साथ केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत व उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ने भी दर्शन किए।
दर्शन के वक्त मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया। इसके चलते तमाम श्रद्धालुओं को दर्शन किए बगैर ही लौटना पड़ा। बांके बिहारी के दर्शन के बाद सीएम स्वामी ज्ञानानंद के आश्रम के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री यहां संत से मुलाकात करने के साथ ही आश्रम में ही भोजन करेंगे। बिहारी जी मंदिर में पूजा करने के दौरान ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, जल शक्ति मंत्री डा महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। पूजा करने के दौरान मंदिर के गुसाई ने मुख्यमंत्री को दूशाला उड़ाते हुए माला पहनाई।