नई दिल्ली। कॉफ़ी न केवल आपको सुबह की नींद से उबारने में मदद करता है, बल्कि वजन कम करके आपको स्लिम भी कर सकता है। हाल ही में कॉफी के शौक़ीन लोगों व कॉफी पीने वालों की खुशी को दोगुनी करने के लिए इटली से अच्छी खबर आई है।
दरअसल, इटली की फ्लोरेंस यूनिवर्सिटी जल्द ही कॉफी में मास्टर डिग्री का कोर्स ला रही है। अब आप कॉफी पी ही नहीं सकते बल्कि इसमें मास्टर्स डिग्री भी हासिल कर सकते हैं। इससे आपको न सिर्फ जानकारी मिलेगी बल्कि रोजगार के रास्ते भी खुल जाएंगे। इसके 9 महीने के कोर्स का पहला बैच जनवरी से शुरू हो रहा है जिसमें 24 छात्रों को जगह दी गई है। इसके अलावा यूनिवर्सिटी के एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट के हेड और कोऑर्डिनेटर के मुताबिक कोर्स में कारोबारी पहलुओं को भी कवर किया गया है। इसमें छात्रों को कॉफी के उत्पादन और इसे लोगों के सामने पेश करने के तरीकों के बारे में भी पढ़ाया जाएगा।
कोर्स के अंतर्गत छात्रों को फील्ड, क्लास, प्रैक्टिकल नॉलेज समेत कॉफी की हिस्ट्री, केमिस्ट्री, टेक्नोलॉजी और इकॉनोमिक्स के बारे में पढ़ाया जाएगा। साथ ही कॉफी के कारोबार से जुड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप भी कराई जाएगी। पहला कोर्स इटैलियन भाषा में ही रखा गया है, लेकिन अच्छा रिस्पांस मिलने पर यूनिवर्सिटी अंग्रेजी भाषा में भी कोर्स कराने को तैयार है। बता दें कि सबसे ज्यादा इटैलियन लोग कॉफी पीते हैं।