लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस तेजी से लोगों को अपना शिकार बना रहा है। इस खतरनाक वायरस ने बीते 24 घंटे में 27,426 लोगों को अपनी चपेट में लिया है। इसके अलावा बीते दिन संक्रमण की वजह से 120 लोगों की जान चली गई।
शुक्रवार की तुलना में शनिवार को नए मरीजों की संख्या थोड़ी कम रही लेकिन लगातार बढ़ रही मौतों की संख्या से लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। इस जानलेवा वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित लखनऊ शहर है।
यहां हर दिन बड़ी संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक बीते दिन लखनऊ में 5913 नए मामले सामने आए। प्रदेश में कोरोना की गंभीर स्थिति को देखते हुए शनिवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक 35 घंटे का कर्फ्यू लगाया गया है।
कोरोना कर्फ्यू के दौरान आवश्यक सेवाएं, पंचायत चुनाव से जुड़ी पोलिंग पार्टियों, स्वास्थ्य स्वाओं, सफाई आदि से जुड़े कर्मियों को ही आवागमन की अनुमति रहेगी। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी बाजार, दफ्तर बंद रहेंगे।
इस अवधि में जिले स्तर पर अग्निशमन विभाग द्वारा नगर निगम, नगर पंचायत तथा ग्राम पंचायत स्तर पर तथा चीनी मिलों द्वारा स्वच्छता सफाई का विशेष अभियान चलाकर सेनेटाइजेशन व फागिंग की जाएगी।