नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस बेकाबू रफ्तार से लोगों को संक्रमित कर रहा है। इसकी दूसरी लहर से पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना ने अपने पिछले सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 2 लाख 74 हजार नए केस सामने आए हैं। वहीं 1,619 लोगों ने इस वायरस से जान गंवा दी है। इसी के साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 1,78,769 पहुंच गई।
कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत हो गई। महामारी के दस्तक देने से लेकर अब तक एक दिन में मिले नए कोरोना मरीजों की यह सर्वाधिक संख्या है। बता दें कि देश में कोरोना संक्रमण की दर 15 दिनों में दोगुनी हो गई है।
देश में 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 503 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। इसके बाद दिल्ली में 161, छत्तीसगढ़ में 170, यूपी में 127, गुजरात 110, कर्नाटक में 81, पंजाब में 68 और मध्य प्रदेश में 66 लोगों की मौत हुई।