नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार कम होती नहीं दिख रही है। हर दिन भारत में कोरोना के नए मरीजों की संख्या बढ़ती चली जा रही है। इसके अलावा मौत के आंकड़े भी रोज तेजी से बढ़ रहे हैं।
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3.79 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3645 से ज्यादा लोगों की संक्रमण से जान चली गई। राहत की बात ये है कि अब डेढ़ करोड़ से ज्यादा मरीज कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं।
ताजा आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी किए गए। इसके मुताबिक देश में बीते 24 घंटों में 3,79,257 नए कोरोना मरीज मिल हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,83,76,524 हो गई है।
वहीं बीते 24 घंटों में 3645 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। इसके साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 2,04,832 पहुंच गई। महामारी के दस्तक देने से लेकर अब तक एक दिन में पहली बार 3600 से अधिक लोगों की कोरोना से मौत हुई।