लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती चली जा रही है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में 27 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक सूबे में बीते 1 दिन में 27,426 नए केस आए हैं।
बता दें कि प्रदेश में इससे पहले इतनी बड़ी संख्या में कभी केस नहीं आए थे। यह एक दिन की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। गुरुवार से तुलना की जाए तो 4987 अधिक संक्रमित केस मिले हैं। पिछले 24 घंटे में 103 लोगों की मृत्यु भी हुई है।
इस खतरनाक वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राजधानी लखनऊ है। यहां कोरोना वायरस हर दिन नया रिकॉर्ड बना रहा है। राजधानी में बीते 24 घंटे में 6598 केस आए हैं। यहां पर 35 लोगों की मौत हुई है। पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 2344 नए संक्रमित मिले हैं। प्रयागराज में 1758 और कानपुर में 1403 नए संक्रमित केस मिले हैं। बीते 24 घंटे में प्रदेश में दो लाख 23,307 टेस्ट कराए गए थे।