नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही पांच फायर टेंडर गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। जानकारी के अनुसार राहत एंव बचाव का कार्य जारी है। मलबे से एक व्यक्ति को बाहर निकाला गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ”सब्जी मंडी इलाके में इमारत गिरने का हादसा बेहद दुखद।
प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, ज़िला प्रशासन के माध्यम से मैं खुद हालात पर नज़र बनाए हूं।” बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 11:50 मिनट पर सब्जी मंडी से एक फोन कॉल की गई थी जिसमें बताया गया था कि यहां एक इमारत ढह गई है। यह इमारत मलकागंज के नजदीक, दिल्ली में रॉबिन सिनेमा के सामने स्थित थी।