नई दिल्ली। दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 109वां गोल दागकर सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने के ईरान के अली देई के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
अली ने 1993 से 2006 के बीच 149 मैचों में 109 गोल किए थे, जबकि रोनाल्डो ने 178 मैचों में यह आंकड़ा छुआ। रोनाल्डो (30वें, 60वें मिनट) के पेनाल्टी पर दागे गए दो गोल के दम पर गत चैंपियन पुर्तगाल ने यूरो कप में विश्व चैंपियन फ्रांस को 2-2 की बराबरी पर रोककर अंतिम-16 में भी प्रवेश कर लिया।
रोनाल्डो ने पहली बार फ्रांस के खिलाफ कोई गोल किया। फ्रांस के लिए दोनों गोल करीब छह साल बाद टीम में लौटे करीम बेंजेमा (45+2, 47वें मिनट) ने किए। फ्रांस का अंतिम-16 में सामना स्विट्जरलैंड और पुर्तगाल का बेल्जियम से होगा।