नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से 60 किलोमीटर दूर एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लड़की ने अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपनी ही सहेली का इस वजह से कत्ल कर दिया कि उसके अफेयर के बारे में घरवालों को पता न चल जाए। घटना पलवल की है।
वारदात को अंजाम देने वाली लड़की को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, वहीं उसके ब्वॉयफ्रेंड की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक लड़की को डर था सहेली की वजह से घरवालों को उसके अफेयर का पता लग सकता है। इसी डर की वजह से अपनी फ्रेंड की हत्या की साजिश रच डाली।
उसके शव को ठिकाने लगाने की नीयत से आगरा कैनाल के पास की झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी सहेली को गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी आशिक की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक सहेली का नाम ऋतु है। वह BSC की फाइनल ईयर की छात्रा थी। मृतक के पिता की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक उनकी बड़ी बेटी ऋतु बीएससी अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी. वह गुरूवार को सुबह घर से नौ बजे अपनी सहेली ज्योति के साथ घर से कॉलेज गई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस ने बताया कि मृतका छात्रा के पिता की शिकायत पर ज्योति और पवन प्रजापत के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी सहेली को गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी आशिक की तलाश की जा रही है।