अहमदाबाद। गुजरात में 6 नगर निगम के 576 वार्डों में हुए चुनाव के बाद नतीजों के लिए वोटों की गिनती जारी है। अब तक के आए नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का प्रदर्शन अच्छा रहा है। अब तक बीजेपी ने 40 सीटों पर जीत हासिल कर ली है जबकि कांग्रेस को अब तक केवल सात पर कामयाबी मिली है।
सूरत, राजकोट, जामनगर और भावनगर में कांग्रेस करारी हार का सामना कर रही है जबकि अहमदाबाद में कांग्रेस की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। वहीं, पहली बार गुजरात निकाय चुनाव में उतरी आम आदमी पार्टी सूरत नगर निगम में कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए प्रमुख विपक्षी दल बनकर उभरी है।
जबकि, असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM पहली बार उतरी, लेकिन मुस्लिम बहुल इलाकों में खास असर नहीं दिखा सकी। गुजरात के छह नगर निगमों के चुनाव में 46.1 प्रतिशत मतदान हुआ था। अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, भावनगर और जामनगर नगर निगमों के कुल 144 वार्ड के लिए रविवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान हुआ था। आयोग की ओर से जारी अंतिम आंकड़ों के अनुसार अहमदाबाद में सबसे कम 42.5 प्रतिशत और जामनगर में सर्वाधिक 53.4 प्रतिशत मतदान हुआ।