रांची। झारखंड के दुमका जिले से बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके प्रेमी को निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया गया। महिला का पति पिछले तीन साल से जेल में बंद है।
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मयूरनाचा गांव का है जहां एक महिला और उसके प्रेमी के साथ मारपीट की गई और उन्हें तकरीबन 1 किलोमीटर तक निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया गया। जानकारी के मुताबिक सोमवार की दोपहर महिला के साथ में मजदूरी करने वाला युवक उससे मिलने घर आया था, जहां वह महिला के घरवालों से बातचीत कर रहा था।
इसी दौरान ग्रामीणों ने अवैध संबंध का आरोप लगाकर युवक की पिटाई शुरू कर दी और दोनों को रस्सी से बांधकर पीटते हुए मुखिया के घर तक ले गए। ग्रामीणों के अनुसार दोनों पर अवैध संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए उन्हें यह शर्मनाक सज़ा दी गई है।
पीड़िता ने बताया कि ग्राम प्रधान और अन्य लोगों ने निर्वस्त्र कर दोनों को पूरे गांव में घुमाया। यही नहीं इस कृत्य में महिला के करीबी भी शामिल थे, जिन्होंने ग्रामीणों का साथ दिया। महिला और युवक ने किसी तरह खुद को आज़ाद कराया और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के बयान पर 4 लोगों के खिलाफ नामजद और तकरीबन 40 अन्य अज्ञात के खिलाफ मुफस्सिल थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।