नई दिल्ली। जॉर्डन के शाही परिवार में सत्ता हासिल करने के लिए खींचतान चल रही है। किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने अपने ही सौतेले भाई प्रिंस हमजा बिन हुसैन को तख्तापलट की कोशिश के आरोप में घर में कैद कर दिया है।
दरअसल, जॉर्डन की सरकार ने बीते शनिवार को एक पूर्व मंत्री और शाही परिवार के एक अन्य सदस्य सहित, ‘जॉर्डन की सुरक्षा और स्थिरता’ का हवाला देते हुए कई अन्य हाई प्रोफाइल लोगों की गिरफ्तारियां कीं।
यह सब उस जॉर्डन में हो रहा है जो अरब वर्ल्ड में सबसे स्थिर देश माना जाता है। जॉर्डन में किसी तरह का गतिरोध बहुत मुश्किल से ही देखने को मिलता है। लेकिन नए घटनाक्रम के चलते दुनियाभर के पर्वेक्षकों की नजरें अब जॉर्डन पर टिकी हुई हैं।
बता दें कि प्रिंस हमजा बिन हुसैन जॉर्डन के पूर्व किंग हुसैन की चौथी पत्नी क्वीन नूर के सबसे बड़े बेटे हैं। क्वीन नूर अमेरिकी नागरिक थीं। प्रिंस हमजा को किंग हुसैन का सबसे पसंदीदा संतान माना जाता है। किंग तो सार्वजनिक तौर पर प्रिंस हमजा को अपनी आंखों का सुकून कहा करते थे।
प्रिंस हमजा ने ब्रिटेन के रॉयल मिलिट्री एकेडमी और अमेरिका के हॉर्वर्ड से पढ़ाई की है। उन्होंने काफी समय तक जॉर्डन की सेना में भी काम किया है। साल 1999 में हमजा को जॉर्डन के क्राउन प्रिंस की पदवी दी गई थी।