पटना। बिहार में रामायण की तर्ज पर स्वयंवर रचाकर शादी करने का मामला सामने आया है। स्वयंवर विवाह का वीडियो तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दुल्हे ने धनुष तोड़कर दुल्हन के गले में वरमाला डाल दी।
सारण जिले के सोनपुर प्रखंड के सबलपुर पूर्वी क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान सतयुग की तरह धनुष स्वयंवर का आयोजन किया गया। सतयुग में जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने धनुष तोड़ कर सीता संग विवाह रचाया था, ठीक उसी तरह से कलियुग में धनुष स्वयंवर का आयोजन किया गया।
धनुष उठाने के बाद दूल्हे ने जैसे ही धनुष को तोड़ा, वैसे ही समारोह में जयकारों की गूंज होने लगी। इस दौरान वहां मौजूद लड़कियां और महिलाएं मंगल गीत गाते हुए लड़की को स्टेज पर लाई और दूल्हे ने दुल्हन के गले में माला डाली। विवाह में पंडित मंत्रोच्चार कर सभी रस्में पूरी करवा रहे हैं। इस दौरान समारोह में बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद हैं।
लोग कह रहे हैं कि इस अनोखी शादी ने भगवान राम और मां सीता के विवाह की याद ताजा कर दी। लोगों का कहना है कि उन्होंने भगवान राम का स्वयंवर रामयाण सीरियल में तो जरूर देखा है, लेकिन इस विवाह को देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि वाकई वह कितना मनोरम दृश्य रहा होगा। जब राजा जनक और अन्य महाराजाओं की उपस्थिति में भगवान का विवाह संपन्न हुआ होगा।