नई दिल्ली। मोदी सरकार ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलने का फैसला किया है। केंद्र सरकार ने खेल के क्षेत्र में दिए जाने वाले इस सर्वोच्च सम्मान का नाम बदलकर हॉकी के ‘जादूगर’ मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखने का फैसला किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, मेजर ध्यानचंद के नाम पर खेल रत्न पुरस्कार का नाम रखने के लिए लोगों से अनुरोध प्राप्त हो रहे हैं। मैं उनके विचारों के लिए उनका धन्यवाद करता हूं। उनकी भावना का सम्मान करते हुए, खेल रत्न पुरस्कार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार कहा जाएगा।’
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘देश को गर्वित कर देने वाले पलों के बीच अनेक देशवासियों का ये आग्रह भी सामने आया है कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित किया जाए। लोगों की भावनाओं को देखते हुए, इसका नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया जा रहा है। जय हिंद!’