नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस लगातार तेजी से अपने पैर पसार रहा है। बीते कई दिनों से देश में 2 लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इसके साथ ही मरने वालों का आंकड़ा भी अब तेजी से बढ़ने लगा है।
इस बीच पीएम मोदी आज रात 8 बजे एक बैठक करने वाले हैं। इसमें मंत्रियों व अधिकारियों से वे चर्चा करेंगे। इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने 11 राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों संग समीक्षा बैठक की।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 2.34 लाख से अधिक नए मामले सामने आए। बीते 24 घंटों में 1,300 से अधिक मौतों की बात भी सामने आई है। पिछले 24 घंटों में, देश में 1,341 COVID से संबंधित मौतें हुईं हैं। इसके साथ ही इस महामारी से मरने वालों की संख्या 1,75,649 हो गई।
पिछले कुछ हफ्तों में,कई राज्यों ने अस्पताल के बेड, ऑक्सीजन की आपूर्ति और कोविड-19 टीकों की कमी की बात कही है। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर एक हाई लेवल बैठक भी की, जिसमें राज्यों के साथ तालमेल बिठाने के आदेश दिए।