मुंबई। बॉलीवुड एक्टर राजीव कपूर का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 58 साल के थे। उन्होंने राम तेरी गंगा मैली जैसी सुपरहिट फिल्म में काम किया था। राजीव एक्टर ऋषि कपूर और रणधीर कपूर के छोटे भाई थे।
उनके निधन की पुष्टि नीतू सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से की है। जानकारी के मुताबिक सुबह हार्ट अटैक पड़ने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नीतू कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से राजीव कपूर की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- रेस्ट इन पीस. उन्होंने हाथ जोड़ने वाले इमोजी बनाकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
अपने फिल्मी करियर में उन्होंने कई फिल्मों में काम किया। राम तेरी गंगा मैली के अलावा वह ‘एक जान हैं हम’ फिल्म में भी नजर आए थे। उन्होंने ‘प्रेम ग्रंथ’ मूवी का डायरेक्शन किया था। 1991 में उन्होंने हिना फिल्म का निर्माण किया था, जबकि फिल्म के डायरेक्टर उनके भाई रणधीर कपूर थे। इसके अलावा उन्होंने 1996 में ‘प्रेमग्रंथ’ मूवी के जरिए डायरेक्टर के तौर पर करियर शुरू किया था।