लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले तमाम राजनीतिक दल सियासी गणित बैठने में लग गए हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) भी गठबंधन में चुनाव लड़ने की तैयारी में है लेकिन इसका अब तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हो सका है।
दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बात फंसी है। हालांकि गठबंधन को लेकर दोनों दलों के शीर्ष नेताओं की मुलाकात हुई है। आरएलडी चीफ जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव के साथ मुलाकात की तस्वीर ट्वीट किया है. जयंत चौधरी ने ये तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा है- बढ़ते कदम।
इस मुलाकात के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही दोनों पार्टियों के गठबंधन को लेकर आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा। बता दें कि हाल ही में जयंत चौधरी ने बताया था कि उनकी पार्टी इस बार का चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगी। माना जा रहा है कि सपा अपने सहयोगी दल को इस बार 36 सीटें दे सकती है।