लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कुमार कश्यप के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम ने दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे। प्रदेश सरकार के मंत्री के रूप में उन्होंने सदैव अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। कश्यप के निधन से जनता ने अपना एक सच्चा हितैषी खो दिया है।
विजय कश्यप का मंगलवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था वो कोरोना से संक्रमित थे। विजय कश्यप मुजफ्फरनगर के चरथावल विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। मंत्रिमंडल ने उनके निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका निधन उनके परिवार के साथ-साथ प्रदेश के लिए भी अपूर्णीय क्षति है।
विजय कश्यप सहारनपुर जिले के कस्बा नानौता के मूल निवासी थे। वहीं पर उनका परिवार रहता है। उनके निधन की सूचना से परिवार और भाजपा नेताओं में शोक व्याप्त हो गया।