लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट (3टी) मॉडल से कोरोना की दूसरी लहर पूरी तरह से काबू में आ गई है। इस रणनीति से यूपी के सभी जिलों में कोरोना के मामले लगातार कम होते जा रहे हैं। कोरोना के ग्राफ में गिरावट को देखते हुए अब योगी सरकार ने लोगों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है।
लगातार कमजोर होती जा रही सेकेंड वेब को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी 75 जिलों को कोरोना कर्फ्यू से मुक्त कर दिया गया। राज्य सरकार के इस फैसले के बाद बुधवार को प्रदेश के सभी जिलों में सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक बाजार खोले जाएंगे। हालांकि, सिनेमाघर, मॉल और जिम पर पाबंदी लगी रहेगी। वहीं, रेस्टोरेंट खोलने की अनुमति तो रहेगी लेकिन वहां बैठकर खाने की अनुमति नहीं होगी। रेस्टोरेंट से केवल होम डिलीवरी की जा सकेगी। रात्रिकालीन कर्फ्यू और वीकेंड कर्फ़्यू पहले की तरह लागू रहेगा।
बता दें की जारी किए गए निर्देशों के अनुसार, जिन जिलों में 600 से कम संक्रमण के मामले होंगे उन जिलों को कोरोना कर्फ्यू से राहत मिलेगी। अब प्रदेश के सभी जिलों में कोरोना संक्रमितों की संख्या 600 से कम हो गई है। अत: जिलों को बाजार खोलने की अनुमति दे दी गई है।
बता दें कि ताजा आंकड़ो के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटे में प्रदेश में 797 संक्रमण के मामले आए हैं। वहीं 2226 लोगों ने इस वायरस को मात दी। इसी के साथ यूपी में अब एक्टिव केस की संख्या घटकर 14067 हो गई है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 0.2 फीसदी है। इसके अलावा प्रदेश का कोरोना रिकवरी रेट 97.1 फीसदी है।