नई दिल्ली। भारत का मोस्टवांटेड अपराधी और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को पाकिस्तान में किसी ने जहर दे दिया है। इसके बाद उसे कराची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालात नाजुक बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि दाऊद को भर्ती कराए जाने की वजह से पूरे अस्पताल को किले में तब्दील कर दिया गया है। दाऊद इब्राहिम को जिस फ्लोर पर रखा गया है, वहां वह अकेला है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक केवल अस्पताल के शीर्ष अधिकारियों और करीबी परिवारीजनों को ही जाने दिया जा रहा है।
हालांकि दाऊद को जहर दिए जाने की खबर की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन सोशल मीडिया पर उसे जहर दिए जाने की बातें की जा रही हैं। वहीं इसी बीच पाकिस्तान के कई हिस्सों में इंटरनेट बंद होने की खबरें आने लगीं। इसे कुछ लोगों ने दाऊद वाली खबर से भी जोड़कर देखा। हालांकि बताया जा रहा है कि पाकिस्तान सरकार ने यह कदम इमरान खान की होने वाली वर्चुअल रैली को लेकर उठाया था।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात को पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की एक रैली होने वाली थी। यह रैली वर्चुअल होनी थी। सरकार को आशंका थी कि इससे देश में कई जगह माहौल बिगड़ सकता है। इसलिए इमरान खान की रैली से ठीक पहले इंटरनेट बंद कर दिया गया, जिससे लोग इस रैली से जुड़ ही नहीं पायें। हालांकि कई जगहों पर नेट स्लो किया गया, जिससे इस रैली को स्ट्रीम करने में काफी दिक्कत हुई।