ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को पिंक बॉल बहुत रास आती है। पिंक बॉल से खेले जाने वाले डे-नाइट टेस्ट मैचों में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड में खेले जा रहे एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
बता दें कि डे-नाइट टेस्ट मैच पिंक बॉल से खेले जाते हैं। ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही एशेज सीरीजा का दूसरा टेस्ट भी डे-नाइट टेस्ट मैच है। एडिलेड के ओवल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में मिचेल स्टार्क ने इंग्लैंड की पहली पारी में 4 विकेट झटके। इसी के साथ वे डे-नाइट टेस्ट में 50 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। स्टार्क का यह 9वां डे-नाइट टेस्ट है।
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अन्य टीमों के मुकाबले ज्यादा डे-नाइट टेस्ट मैच खेले हैं। यही कारण है कि पिंक बॉल से खेले जाने वाले इन मैचों में टॉप-4 गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के ही हैं। स्टार्क के बाद इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के ही तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड हैं, जिन्होंने 7 मैचों में 32 विकेट चटकाए हैं। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर नाथन लियॉन (32) और चौथे पायदान पर ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कैप्टन पैट कमिंस (26) हैं।