वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को शनिवार को अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई के बाद बंधक बना लिया। अमेरिकी सेना मादुरो को लेकर अमेरिका चली गई। इसके बाद अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने रविवार को वेनेजुएला के लोगों के प्रति समर्थन जताते हुए घोषणा की कि वे 3 फरवरी तक वेनेजुएला में फ्री इंटरनेट सर्विस प्रदान करेंगे।
एलन मस्क ने जताया समर्थन
मस्क के स्वामित्व वाली स्टारलिंक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि “स्टारलिंक वेनेजुएला के लोगों को 3 फरवरी तक मुफ्त ब्रॉडबैंड सेवा प्रदान कर रहा है, जिससे निरंतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सकेगी।” एलन मस्क ने इस पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, “वेनेजुएला के लोगों के समर्थन में।”
अमेरिकी सेना ने मादुरो को गिरफ्तार किया
स्टारलिंक की घोषणा अमेरिका द्वारा मादुरो को सत्ता से हटाने के बाद की गई। अमेरिकी अधिकारियों ने मादुरो की गिरफ्तारी का वीडियो भी जारी किया, जिसमें उन्हें हथकड़ियों में देखा गया। फुटेज में हिरासत में जाते समय मादुरो ने पत्रकारों और डीईए एजेंटों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
डेल्सी रोड्रिग्ज बनीं अंतरिम राष्ट्रपति
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने डेल्सी रोड्रिग्ज को नया अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया। डेल्सी पहले वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति के रूप में कार्यरत थीं।
न्यूयॉर्क मेयर ने जताया विरोध
न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात कर मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की गिरफ्तारी पर कड़ा विरोध जताया। ममदानी ने इसे एक संप्रभु राष्ट्र पर एकतरफा हमला और युद्ध की कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना विरोध स्पष्ट रूप से दर्ज कराया।