इस्लामाबाद। आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिद्दीन = से जुड़े कमांडर सज्जाद अहमद की पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वह जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के पट्टन इलाके के पलहालन का निवासी बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, सज्जाद अहमद 1997 में हथियारों की ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान गया था और तभी से वहीं रहकर सक्रिय था। उस पर जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप रहे हैं।
सज्जाद की मौत ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में पाकिस्तान में सक्रिय कई अन्य आतंकियों के मारे जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे एक हफ्ते पहले Lashkar-e-Taiba से जुड़े शीर्ष कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी की Khyber Pakhtunkhwa में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना 26 अप्रैल 2026 को लांडी कोटाल इलाके में हुई थी।
इसके अलावा लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक अन्य आतंकी अबू सखर मकसूद अहमद की भी हाल के दिनों में मौत की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसका अंतिम संस्कार फैसलाबाद के 72 चक बहमनीवाला क्षेत्र में किया गया।
पाकिस्तान में एक के बाद एक आतंकियों की मौत की इन घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। भारत लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि पाकिस्तान आतंकी संगठनों को शरण और समर्थन देता है। ताजा घटनाक्रम के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।