नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि को लेकर जारी तनाव के बीच पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी का एक बयान चर्चा में आ गया है। इस्लामाबाद में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के दौरान बिलावल ने कहा कि सिंधु जल संधि को स्थगित करना पाकिस्तान की सुरक्षा और आर्थिक हितों से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बिलावल यह कहते नजर आ रहे हैं कि पाकिस्तान अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और जल संसाधनों से जुड़े मामलों को बेहद संवेदनशील मानता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी देश की अर्थव्यवस्था या जल संसाधनों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश होती है, तो पाकिस्तान इसे गंभीर स्थिति के रूप में देखेगा।
‘पानी से जुड़ा मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा का हिस्सा’
बिलावल भुट्टो ने अपने संबोधन में कहा कि पाकिस्तान की सुरक्षा नीति में जल संसाधनों का मुद्दा भी अहम माना जाता है। उन्होंने कहा कि अगर किसी तरह से जलमार्गों पर दबाव बनाया जाता है या पाकिस्तान के हिस्से के पानी को प्रभावित करने की कोशिश होती है, तो उसका जवाब देने के सभी विकल्प खुले रहेंगे। बिलवाल ने कहा कि इस परिस्थिति के लिए पाकिस्तान ने न्यूक्लियर रिएक्शन का विकल्प खुला रखा है। उनके बयान के बाद राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है। भारत की ओर से फिलहाल इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पहलगाम हमले के बाद बढ़ा तनाव
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए थे। इसी क्रम में सिंधु जल संधि को भी स्थगित करने का फैसला लिया गया था। इसके बाद से पाकिस्तान लगातार इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाने की कोशिश कर रहा है।
इससे पहले भी पाकिस्तान की ओर से कई नेताओं और सैन्य अधिकारियों ने भारत को लेकर तीखे बयान दिए थे। वर्ष 2025 में भी बिलावल भुट्टो ने सिंधु जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था कि यदि पाकिस्तान के हिस्से के पानी को रोका गया, तो दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ सकता है।
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
बिलावल भुट्टो इससे पहले भी सिंधु जल संधि और कश्मीर मुद्दे को लेकर भारत पर तीखे हमले कर चुके हैं। उन्होंने कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार की नीतियों की आलोचना की है। हालिया बयान के बाद एक बार फिर दोनों देशों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है।