ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े शोक कार्यक्रम जारी हैं। शुक्रवार (3 जुलाई) को उनका पार्थिव शरीर तेहरान के ग्रैंड मोसाला कॉम्प्लेक्स में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां हजारों लोगों के साथ कई देशों के प्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम दर्शन के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालिबाफ खुद को संभाल नहीं सके। दुआ के दौरान दोनों की आंखें नम हो गईं, जबकि गालिबाफ फूट-फूटकर रोते नजर आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शोक समारोह में भारत का प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हुआ। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद शामिल रहे। सभी ने खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की। भारत के विभिन्न धर्मों के धार्मिक नेताओं ने भी जनाजे में शामिल होकर प्रार्थना की।
गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में 28 फरवरी को अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई थी। अब कई महीनों बाद उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है। 4 से 9 जुलाई तक ईरान के विभिन्न शहरों में शोक और अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
खामेनेई का पार्थिव शरीर फिलहाल तेहरान के ग्रैंड मोसाला कॉम्प्लेक्स में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। 6 जुलाई को तेहरान में उनका अंतिम जुलूस निकाला जाएगा, जिसके मद्देनजर प्रांतीय प्रशासन ने सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसके बाद 9 जुलाई को उनके जन्मस्थान मशहद में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।