टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन हो गया है। नारा शहर में हमलावर ने भाषण के दौरान उन पर दो गोलियां दागी थी। खबरें आई थी कि उनकी गर्दन और सीने में गोली के निशान थे। साथ ही उन्हें अस्पताल ले जाते समय दिल का दौरा पड़ा था।
जापान के पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनएचके की रिपोर्ट के मुताबिक घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11.30 हुई। आबे पर हमला उस समय हुआ जब वह नारा शहर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि गोली चलने की आवाजें सुनाई देने के बाद आबे को खून बहने की हालत में देखा गया।
शिंजो आबे पर हमला करने वाले तेत्सुया यामागामी से पूछताछ जारी है। NHK की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने जांचकर्ताओं के सामने हत्या का प्रयास करने की बात कबूली है। उसने बताया है कि वह आबे से ‘असंतुष्ट’ था।