तेहरान। मसूद पेजेश्कियन ने इजरायल और अमेरिका के साथ जारी संघर्ष के बीच सभी मुस्लिम देशों को एक खास संदेश भेजा है। करीब 22 दिनों से जारी इस जंग के बीच, ईद-उल-फित्र के मौके पर उन्होंने मुस्लिम दुनिया से एकता की अपील की है। अपने संदेश में पेजेश्कियन ने कहा कि इस्लामी देश और पड़ोसी राष्ट्र ईरान के “भाई” हैं और उनके साथ कोई विवाद नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम देशों के बीच मतभेद का फायदा सिर्फ “ज़ायोनी इकाई” को होता है, इशारा साफ तौर पर इजरायल की ओर था।
क्या कहा राष्ट्रपति ने?
पेजेश्कियन ने अपने संदेश में लिखा कि “आप हमारे भाई हैं और हमारा आपसे कोई झगड़ा नहीं है। हमें एकजुट होकर उन ताकतों का सामना करना होगा जो हमारे बीच फूट डालना चाहती हैं।” उन्होंने आगे कहा कि ईद के इस पवित्र मौके पर अल्लाह से दुआ है कि सभी मुस्लिम देश एकजुट हों और पैगंबर की शिक्षाओं पर चलें।
ईरान का दावा है कि 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका ने उस पर बड़ा हमला किया, जिसमें देश के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इसके बाद से जारी संघर्ष में ईरान के कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी मारे गए हैं। हालांकि, जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी इजरायल और अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं, जिससे पूरे मिडिल-ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है।
बड़ा संदेश क्या है?
इस पूरे घटनाक्रम के बीच ईरान का यह संदेश साफ संकेत देता है कि वह मुस्लिम देशों के बीच समर्थन और एकजुटता हासिल करना चाहता है, ताकि क्षेत्रीय और वैश्विक दबाव का मुकाबला किया जा सके।