नई दिल्ली। इजरायली सेना ने शनिवार को बताया कि लेबनान में हिजबुल्लाह को कमजोर करने के लिए उसका जमीनी अभियान जारी है। सेना ने हिजबुल्लाह के कमांड सेंटर, हथियारों को भंडार, सुरंगों और बहुत कुछ को निशाना बनाया। इजरायली सेना ने कहा कि उसने सोमवार को जमीनी अभियान शुरू होने के बाद से लगभग 400 हिजबुल्लाह लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया है। उधर लेबनान का कहना है कि इजरायल के हमलों में हजारों लोग मारे गए हैं, जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या सबसे अधिक है। इजरायल का कहना है कि वह सिर्फ उन्हीं जगहों को निशाना बना रहा है, जहां हिजबुल्लाह के मौजूद होने के पुख्ता सबूत हैं।
वहीं इजरायली मीडिया के अनुसार 200 मिसाइलें दागने के बाद एयर फोर्स तेहरान पर महत्वपूर्ण हमले की तैयारी कर रही है। बेरूत में शनिवार की रात को इजरायली हमलों से पूरे शहर में हलचल मच गई। बेरूत को ईरान समर्थित सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह का गढ़ माना जाता है। इजरायली सेना ने कहा कि दक्षिणी लेबनान के अंदर जमीनी अभियान शुरू करने के बाद से उन्होंने 400 से अधिक हिजबुल्लाह लड़ाकों को मार डाला है। इजरायली सैन्य प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हगारी ने एक ब्रीफिंग में कहा, “जमीनी युद्ध की शुरुआत के बाद से सेना ने जमीन और हवा से लगभग 440 आतंकवादियों को मार गिराया है। इनमे विभिन्न रैंकों के 30 कमांडर भी शामिल हैं।”
चल रहे हमलों के बीच इजरायली सेना ने निवासियों को बेरूत के दक्षिणी इलाकों से अलग जगह शिफ्ट होने को कहा है। इजरायली सेना ने कहा कि अपनी और अपने परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के लिए आपको आस-पास की इमारतों को तुरंत खाली कर देना चाहिए और उनसे कम से कम 500 मीटर दूर चले जाना चाहिए।”