नई दिल्ली/यरूशलेम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा को लेकर वहां के प्रतिष्ठित अखबार The Jerusalem Post ने विशेष फ्रंट पेज प्रकाशित किया है, जो सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। अखबार ने बड़े अक्षरों में ‘नमस्ते’ लिखकर भारतीय प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उनकी तस्वीर को प्रमुखता से स्थान दिया।
अखबार के प्रधान संपादक Zvika Klein ने इस विशेष कवर पेज को अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा कि अखबार को प्रिंट के लिए भेज दिया गया है और यह 2017 के बाद पीएम मोदी की पहली इजरायल यात्रा से पहले का विशेष संस्करण है। उन्होंने पाठकों से इस ऐतिहासिक यात्रा पर अपनी राय देने और प्रधानमंत्री का स्वागत करने की अपील भी की।
एयरपोर्ट पर नेतन्याहू करेंगे स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को भारतीय समयानुसार शाम करीब चार बजे इजरायल पहुंचेंगे। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू स्वयं एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे। करीब नौ वर्षों के अंतराल के बाद यह पीएम मोदी की दूसरी इजरायल यात्रा है। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी इजरायल की संसद Knesset को संबोधित करेंगे और ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे।
पीएम मोदी की इस यात्रा का उद्देश्य भारत और इजरायल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है। दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा और उच्च प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा गाजा की मौजूदा स्थिति और क्षेत्रीय शांति जैसे मुद्दों पर भी शीर्ष स्तर पर वार्ता हो सकती है। रक्षा और हाई-टेक सेक्टर में नए समझौतों की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे दोनों देशों की सामरिक साझेदारी को नया आयाम मिल सकता है।