मई 2025 में भारतीय सेना और वायुसेना की संयुक्त कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) को बड़ा झटका लगा था। भारतीय हमलों में संगठन के कई ट्रेनिंग कैंप और आतंकी ठिकाने तबाह हो गए थे। अब इसी बीच लश्कर को लेकर एक और बड़ी जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि संगठन के सरगना हाफिज सईद ने लश्कर के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अपने बेटे तल्हा सईद को नया ऑपरेशनल कमांडर बनाने का फैसला लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के बाद संगठन के भीतर नेतृत्व और रणनीति को लेकर मतभेद बढ़ गए थे। इसके बाद हाफिज सईद ने अपने करीबी सहयोगियों के साथ कई दौर की बैठकों के बाद संगठन को नए ढांचे में तैयार करने की योजना बनाई। इसी क्रम में तल्हा सईद को लश्कर की कमान सौंपने का निर्णय लिया गया है।
बताया जा रहा है कि लश्कर-ए-तैयबा को अब तीन अलग-अलग शाखाओं में बांटा जाएगा। इनमें एक शाखा बलूचिस्तान, दूसरी खैबर पख्तूनख्वा और तीसरी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में सक्रिय रहेगी। इन शाखाओं का मकसद स्थानीय युवाओं को भारत विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार करना और संगठन के नेटवर्क को फिर से मजबूत करना बताया जा रहा है।
सूत्रों का दावा है कि तल्हा सईद अब संगठन के ऑपरेशनल फैसलों की जिम्मेदारी संभालेगा। साथ ही संगठन पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के साथ मिलकर काम करता रहेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, लश्कर की नई रणनीति में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के खिलाफ पाकिस्तानी सेना को सहयोग देने की योजना भी शामिल है।
कौन है तल्हा सईद?
तल्हा सईद, लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद का बेटा है। वह लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय माना जाता रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, तल्हा संगठन के फंडिंग नेटवर्क, भर्ती और प्रचार तंत्र से जुड़ा रहा है। अब उसे लश्कर की नई पीढ़ी का चेहरा माना जा रहा है।
कौन है हाफिज सईद?
हाफिज सईद लश्कर-ए-तैयबा का सह-संस्थापक और भारत का मोस्ट वॉन्टेड आतंकी है। उसने 1987 में इस संगठन की स्थापना की थी। भारत समेत कई देशों ने उसे 26/11 मुंबई आतंकी हमले, संसद हमले और कई अन्य आतंकी घटनाओं का मास्टरमाइंड बताया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC), अमेरिका और यूरोपीय संघ समेत कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं उसे वैश्विक आतंकवादी घोषित कर चुकी हैं।