जकार्ता। इंडोनेशिया के जावा द्वीप से दुखद घटना सामने आई है। सिदोअर्जो शहर स्थित अल खोजिनी इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल की निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। आशंका जताई जा रही है कि करीब 65 छात्र मलबे में फंसे हुए हैं। अब तक एक बच्चे का शव निकाला गया है, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
जानकारी के मुताबिक गिरी हुई इमारत कंक्रीट की अस्थायी संरचना थी। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस, बचाव दल और सेना के जवान संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। मलबे के भीतर फंसे बच्चों तक ऑक्सीजन और पानी पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
स्कूल परिसर में एक अस्थायी कमांड पोस्ट बनाया गया है, जहां नोटिस चिपकाकर हादसे से जुड़ी जानकारी परिजनों को दी जा रही है। बताया गया है कि मलबे में दबे अधिकांश छात्र सातवीं से ग्यारहवीं कक्षा तक के हैं और उनकी उम्र 12 से 17 वर्ष के बीच है।
घटनास्थल और अस्पतालों में परिजनों की भारी भीड़ उमड़ आई है। लोग अपने बच्चों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में रोते-बिलखते हुए दुआएं कर रहे हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।