जहां एक ओर ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर की खबर से दुनिया में राहत का माहौल बना है, वहीं उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से मिसाइल दागकर क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है। किम जोंग उन के नेतृत्व वाले उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर कई छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों का प्रक्षेपण किया। दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक ये मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय शहर वॉनसन से दागी गईं और करीब 240 किलोमीटर तक उड़ान भरते हुए समुद्र में गिरीं। पिछले दो दिनों में यह उत्तर कोरिया का दूसरा मिसाइल परीक्षण है।
दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने कहा कि देश अमेरिका के साथ अपने मजबूत सैन्य गठबंधन के तहत किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही, दोनों देशों की खुफिया एजेंसियां इन प्रक्षेपणों का विश्लेषण कर रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले किया गया एक मिसाइल परीक्षण शुरुआती चरण में ही असामान्य गतिविधि के कारण विफल हो गया था और रडार से गायब हो गया।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब उत्तर कोरिया ने स्पष्ट कर दिया है कि वह दक्षिण कोरिया के साथ संबंध सुधारने के पक्ष में नहीं है। वहीं दक्षिण कोरिया की सरकार लगातार बातचीत बहाल करने की कोशिश कर रही है। उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के उप मंत्री जांग कुम चोल ने बयान देते हुए कहा कि दक्षिण कोरिया हमेशा उसका सबसे बड़ा दुश्मन बना रहेगा। उन्होंने दक्षिण कोरिया पर तंज कसते हुए उसके रवैये की आलोचना भी की।
इस बीच, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग द्वारा कथित ड्रोन घटनाओं पर खेद जताने के बाद किम जोंग उन ने उनके रुख की सराहना की, लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो कड़ा जवाब दिया जाएगा। गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने 2019 में डोनाल्ड ट्रंप के साथ कूटनीतिक बातचीत विफल होने के बाद से परमाणु हथियार कार्यक्रम को और तेज कर दिया है और फिलहाल अमेरिका व दक्षिण कोरिया के साथ वार्ता में लौटने के संकेत नहीं दिए हैं।