नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर तीखी बयानबाजी सामने आई है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को धमकी देते हुए कहा है कि अगर भविष्य में कोई संघर्ष होता है, तो पाकिस्तान की प्रतिक्रिया सीमित नहीं रहेगी।
सियालकोट में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ख्वाजा आसिफ ने कहा कि अगर भारत किसी भी तरह का “फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन” करने की कोशिश करता है, तो पाकिस्तान उसका जवाब कोलकाता पर हमले के रूप में देगा। उन्होंने दावा किया कि उन्हें ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि भारत इस तरह की साजिश रच सकता है।
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि भारत कथित तौर पर कुछ लोगों की हत्या कर उन्हें आतंकवादी बताकर माहौल बनाने की कोशिश कर सकता है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कोई प्रयास किया गया, तो पाकिस्तान कड़ा जवाब देगा और कार्रवाई भारत के बड़े शहरों तक पहुंच सकती है।
दरअसल, ख्वाजा आसिफ का यह बयान भारत के रक्षा मंत्री Rajnath Singh के हालिया बयान के बाद आया है। राजनाथ सिंह ने 2 अप्रैल को बिना पाकिस्तान का नाम लिए कहा था कि अगर पड़ोसी देश ने कोई भी दुस्साहस किया, तो भारत की प्रतिक्रिया “अभूतपूर्व और निर्णायक” होगी।
राजनाथ सिंह ने यह भी कहा था कि मौजूदा हालात में भारत का पड़ोसी कोई भी गलत कदम उठा सकता है, लेकिन भारत हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सैनिक सम्मान सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख दोहराया।